Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

दलसिंहसराय में खेल-खेल में शुरू हुई लड़ाई ने ली जान, लाठी-डंडों से पीटकर 25 वर्षीय युवक को उतारा मौत के घाट

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/samastipur-crime-news-1771156705965_m.webp

25 वर्षीय युवक को उतारा मौत के घाट



संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा वार्ड 15 में रविवार की सुबह दो बच्चों के बीच हुई मामूली लड़ाई ने खूनी रूप ले लिया। खेलते हुए दो बच्चों के परिवारों के बीच विवाद इतना भड़क गया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से एक युवक को पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

मृतक की पहचान गांव के राजेंद्र राय के 25 वर्षीय पुत्र सुरो राय उर्फ सूटो राय के रूप में हुई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, जबकि आरोपी परिवार फरार हो गया।
खेलने के दौरान मामूली मारपीट

जानकारी के अनुसार, मृतक के भतीजे सोनू और हरिलाल राय के पोते के बीच सुबह खेलने के दौरान मामूली मारपीट हो गई। इसी छोटे विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आक्रोशित होकर हरिलाल राय के परिवार के सदस्यों ने सुरो राय के बथान में घुसकर मारपीट की।

मृतक की भौजाई सीता देवी ने बताया कि मोहित राय, हरिलाल राय, उनका दामाद सुशील राय, नाती हिमांशु कुमार और घर की अन्य महिलाओं व लोगों ने मिलकर सुरो को लाठी-डंडों से इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
समस्तीपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत

इलाज के अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। समस्तीपुर ले जाने के दौरान सुरो की रास्ते में ही मौत हो गई ।

घटना को लेकर भौजाई ने बताया कि हम चीखते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। घटना के बाद हरिलाल राय का पूरा परिवार घर छोड़कर फरार हो गया। उनके घर में चार बच्चों के साथ एक महिला छूट गई, जिसे पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे

सूचना मिलते ही डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य संग्रह में जुट गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी परिवार की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक परिवार को उचित मुआवजे की मांग की।

डीएसपी ने लोगों को काफी समझा-बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज

प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटनास्थल पर मृतक का परिवार फूट-फूटकर रो रहा था। मृतक सुरो राय की पत्नी का बुरा हाल था।

बताया जाता है कि सुरो की गोद में अभी एक वर्ष की नन्ही बेटी है, जिसका सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में थे। सुरो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है
Pages: [1]
View full version: दलसिंहसराय में खेल-खेल में शुरू हुई लड़ाई ने ली जान, लाठी-डंडों से पीटकर 25 वर्षीय युवक को उतारा मौत के घाट