बलिया में पुलिस मुठभेड़ में सत्यप्रकाश हत्याकांड के दो आरोपितों के पैर में लगी गोली, पांच गिरफ्तार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/police-1771146399908_m.webpबलिया: सत्यप्रकाश हत्याकांड के पांच आरोपित गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो घायल।
जागरण संवाददाता, बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के संवरा चट्टी स्थित देशी शराब की दुकान के पास युवक सत्यप्रकाश की चाकू से गोदकर हत्या के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ कर दिया। रविवार भोर में हुई पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपितों के पैर में गोली लगी, जबकि कुल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ओमवर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता के निर्देशन में पुलिस व एसओजी टीम गठित की गई थी। टीम रविवार सुबह करीब 3:50 बजे रसड़ा-मऊ मार्ग पर नवापुरा-महतवार जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में सुंदरम सिंह उर्फ सत्या सिंह (21) निवासी संवरा के बाएं पैर में तथा राज सिंह उर्फ राजा सिंह (24) निवासी संवरा के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
उनके साथ भाग रहे अनुज सिंह (21) निवासी बड़ी पकवल थाना सराय लखंसी जनपद मऊ तथा अजय खरवार (18) निवासी चकिया थाना रानीपुर जनपद मऊ को पीछा कर दबोच लिया गया। एक अन्य आरोपित को रामनगर-संवरा के पास से गिरफ्तार किया गया। क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता के अनुसार, घायल आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने सहयोगी उमाकांत पांडेय के साथ 14 फरवरी 2026 को संवरा स्थित देशी शराब की दुकान के समीप सत्यप्रकाश की चाकू मारकर हत्या की थी।
घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी रसड़ा से सदर अस्पताल बलिया रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन तमंचे (.315 व .303 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस, दो बाइक तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Pages:
[1]