पोटका से काम की तलाश में चेन्नई गए युवक की गुमशुदगी पर बवाल, मां-बहन का रो-रोकर बुरा हाल।
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/potka-1771141243274_m.webpकाम की तलाश में चेन्नई गए युवक की गुमशुदगी पर बवाल
जागरण संवाददाता, पोटका। कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर भेलाईडीह निवासी 38 वर्षीय राम दास पिछले चार दिनों से लापता है। राम दास सात फरवरी को हल्दीपोखर पश्चिम के अपने पांच दोस्तों परेश, हेलो, इजराफिल, पिंटू और लल्लन के साथ चेचिस वाहन लेकर रोजगार के लिए चेन्नई गया था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया है।
लापता राम की मां पार्वती दास और बहन रूपा दास का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार “मेरा बेटा राम को लौटा दो” कहते हुए बेसुध हो जा रही हैं। परिवार के अनुसार चार दिन पहले राम के पिता ने जब उसका हालचाल जानने के लिए फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ बताया।
राम के गुम होने की बात बताई
अगले दिन फोन करने पर परेश नामक युवक ने फोन उठाया और राम के गुम होने की बात बताई। कभी मानसिक रूप से विक्षिप्त होने तो कभी कहीं खो जाने जैसी अलग-अलग बातें बताकर वह तरह-तरह के बहाने करता रहा।
परिजनों ने बताया कि राम का मोबाइल अभी भी परेश के पास ही है। परिवार जनों ने पांचों युवकों पर संदेह जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत मुखिया देवी कुमारी भूमिज एवं जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि जब ये पांचों युवक राम दास को रोजगार के लिए चेन्नई लेकर गए थे, तो इन्हें यह बताना होगा कि आखिर राम दास कहां है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल परिवार राम दास की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लिए बैठा है।
Pages:
[1]