deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

सीएम धामी बोले - लोग कहते हैं रुद्रपुर से चुनाव लड़ लो...और बज उठीं तालियां; सियासी हलचल तेज

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/72912454-1771135929499_m.webp

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन की इस लाइन के निकाले जा रहे निहितार्थ। जागरण



अनुज सक्सेना, रुद्रपुर। चुनावी दहलीज पर खड़े उत्तराखंड की सियासी फिंजा भी तेजी से बदल रही है। सियासत के हर बोल को राजनीतिक गलियारों में तोला जा रहा है। ऐसा ही कुछ शनिवार को भी हुआ, जब गांधी पार्क में ऊधम सिंह नगर कार्निवाल का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबोधन के दौरान रुद्रपुर से अपने जुड़ाव का विस्तार से जिक्र किया। उनकी मंशा जो भी रही हो, लेकिन बोल के राजनीतिक निहितार्थ निकलने शुरू हो गए हैं।

संबोधन के क्रम में सीएम धामी ने कहा कि रुद्रपुर में बहुत समय गुजारा है। यहां सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में वह खूब ठहरा करते थे। यहां रस्तोगी जी के ठेले पर राजमा-चावल खाते थे...वो भी सिर्फ दस रुपये में। एक प्लेट में भरपेट खिलाते थे। बैगन का भर्ता उन्हें बहुत पसंद था, जिसको खाने के लिए यहां कई जगह जाते थे। इसलिए रुद्रपुर को विकास में सबसे आगे देखने की उनकी दिली इच्छा रहती है। यहां से जुड़े विकास कार्यों को वह प्राथमिकता में रखते हैं।

यही कारण है लोग आते हैं कहते हैं...रुद्रपुर से चुनाव लड़ लो। मुख्यमंत्री के यह शव्द निकले ही थे कि पंडाल तालियों और जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। इस बीच मौजूदा विधायक शिव अरोरा और उनके समर्थक हक्के-बक्के रह गए। पांच सेकेंड के लिए मुख्यमंत्री धामी रुके और फिर अगले ही पल उन्होंने यह कहकर बात को आगे बढ़ाया कि उनके लिए तो रुद्रपुर, किच्छा, काशीपुर, बाजपुर, खटीमा यहां तक की पूरे जिले की सीटें उनकी हैं।

सीएम यहीं नहीं रुके, बोले- सांसद अजय भट्ट हम सभी के अभिभावक हैं। वह भी अक्सर समझाते हैं, हमसे कहते हैं कि तुम्हारा जन्म तो डीडीहाट में हुआ है। वहां से लड़ लो...। हमने कहा कि प्रदेश में 70 विधानसभा सीटें हैं, हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और हर सीट पर कमल खिलेगा यह भी दावा है। इस बार जनता ने पहले से अधिक सीटें जिताकर सरकार बनाने का मन बना रखा है। बताते चलें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में काफी तेजी से हो रही है। उनके इस संबोधन को उसी चर्चा से जोड़कर देखा जाने लगा है।

यह भी पढ़ें- महाशिवरात्रि पर सीएम धामी ने खटीमा में किया जलाभिषेक, मेले का किया शुभारंभ

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में बुलडोजरों से हुआ सीएम धामी का स्वागत, देखते रह गए लोग

यह भी पढ़ें- सीएम धामी की बड़ी घोषणा: नीलकंठ, गोल्ज्यू और शिव मंदिर अब \“मास्टर प्लान\“ सर्किट का हिस्सा
Pages: [1]
View full version: सीएम धामी बोले - लोग कहते हैं रुद्रपुर से चुनाव लड़ लो...और बज उठीं तालियां; सियासी हलचल तेज