ओडिशा में गरीबी से मजबूर पिता ने उठाया शर्मनाक कदम, अपने जिगर के टुकड़े को 1 लाख रुपये में बेचा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Odisha-News-(6)-1771132083426_m.webpजागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बालेश्वर जिले के नीलगिरि थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपने ढाई साल के मासूम बेटे को 1 लाख रुपये में बेचने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
आरोपी की पहचान राकेश बेहरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश बेहरा ने एक वीडियो बयान में स्वीकार किया कि उसने अपने बेटे को पश्चिम बंगाल के एक डॉक्टर को 1 लाख रुपये में बेचा। हालांकि सौदे के तहत उसे 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में मिलने की बात कही जा रही है।
बिचौलिए के जरिए हुई डील
स्थानीय युवक द्वारा नीलगिरि पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने एक बिचौलिए के माध्यम से बच्चे को पश्चिम बंगाल भेजा था।
मामला सामने आने के बाद बच्चे को पश्चिम बंगाल से एक वाहन के जरिए वापस लाया गया और नीलगिरि में छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे को कहां रखा गया था और उसे किनके निर्देश पर वापस लाया गया।
पुलिस का आधिकारिक बयान नहीं
वहीं, कथित बिचौलिए ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इनकार किया है। पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
आरोपी राकेश बेहरा ने कहा, “मुझे डॉक्टर का नाम नहीं पता। बिचौलिया ही उसका नाम जानता। मेरे चार बच्चे हैं और गरीबी के कारण मैं उनका पालन-पोषण नहीं कर पा रहा था।“ पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने की बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में दलित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति पर विवाद खत्म, ग्रामीणों ने ली साथ चलने की शपथ
यह भी पढ़ें- ओडिशा में मॉब लिंचिंग, चोरी के शक में खंभे से बांधकर इतना पीटा की चली गई युवक की जान; 20 गिरफ्तार
Pages:
[1]