cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

हिसार में आस्था और आध्यात्म का अद्भुत संगम, 20 फीट ऊंचे दिव्य शिवलिंग पर हॉट एयर बैलून से की गई पुष्प वर्षा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/shivratri-(1)-1771128372147_m.webp

20 फीट ऊंचे महाशिवलिंग पर हाट एयर बैलून से की पुष्प वर्षा।



जागरण संवाददाता, हिसार। आस्था, अध्यात्म और उल्लास से सराबोर वातावरण में 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती के अवसर पर बालसमंद रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज पीस पैलेस में शनिवार को महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत दो दिवसीय महादेव से महामिलन महामेले का भव्य शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में उत्साह और श्रद्धा का ऐसा संगम दिखा, जिसने श्रद्धालुओं के मन को आनंद से भर दिया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज हिसार की संचालिका बीके रमेश कुमारी दीदी उपस्थित रही।

इस आध्यात्मिक महोत्सव में हरियाणा सहित पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान व अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचें। आकर्षण का केंद्र बना 20 फीट ऊंचा दिव्य महाशिवलिंग, जिसके दर्शन मात्र से वातावरण शिवमय हो उठा।

कार्यक्रम में सबसे मनोहारी झलक तब देखने को मिली जब हाट एयर बैलून से महाशिवलिंग पर पुष्प वर्षा की गई। आकाश से बरसते पुष्पों के इस अलौकिक दृश्य को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में संजोया। इंटरनेट मीडिया फेसबुक व इंस्टाग्राम पर साझा कर अपने प्रियजनों तक शिवभक्ति की अनुभूति पहुंचाई।

महोत्सव में आध्यात्मिक ज्ञान और आत्मिक शांति से जुड़े अनेक आकर्षक आयाम भी प्रस्तुत किए गए। भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, माइंड स्पा, एबीसीडी का आध्यात्मिक रहस्य, तीन लोक की सैर, निश्शुल्क स्ट्रेस लेवल टेस्टिंग तथा वैल्यू गेम्स जैसी गतिविधियों ने सहभागियों को रोमांचक अनुभव के साथ आत्मचिंतन की ओर प्रेरित किया। खेलों और संवादों के माध्यम से सकारात्मक-नकारात्मक विचारों की पहचान कर, स्वयं को आध्यात्मिक ज्ञान से जोड़ने का सशक्त संदेश दिया गया।
Pages: [1]
View full version: हिसार में आस्था और आध्यात्म का अद्भुत संगम, 20 फीट ऊंचे दिव्य शिवलिंग पर हॉट एयर बैलून से की गई पुष्प वर्षा