cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

कटड़ा से अगवा की गई नाबालिग युवती 8 दिन में बरामद, आरोपी साहिल अली गिरफ्तार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Katra-news_-1771124816590_m.webp

आठ दिन में अपहृत नाबालिग बरामद, आरोपीत गिरफ्तार।



संवाद सहयोगी, कटड़ा। जिला पुलिस रियासी ने त्वरित कार्रवाई और सतर्कता का परिचय देते हुए आठ दिनों के भीतर अगवा की गई नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार 4 फरवरी को सिडाह कोटला, ककड़ियाल, कटड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस पोस्ट ककड़ियाल में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी को एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत मिलते ही थाना कटड़ा में मामला संख्या 48/2026 संबंधित धाराओं के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में लड़की की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान तकनीकी निगरानी, ह्यूमन इंटेलिजेंस तथा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। टीमों ने केंद्र शासित प्रदेश के भीतर और बाहर संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 12 फरवरी को राजस्थान के अजमेर से नाबालिग को आरोपित के साथ बरामद कर लिया। आरोपीत की पहचान साहिल अली पुत्र अब्दुल रशीद निवासी सिडाह कॉलोनी ककड़ियाल के रूप में हुई है, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता की आवश्यक मेडिकल व कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि आरोपीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पूरे अभियान का नेतृत्व चौकी प्रभारी ककड़ियाल अखिलेश खजुरिया तथा थाना कटड़ा प्रभारी रणजीत सिंह राव ने किया। इधर, युवती के सकुशल बरामद होने की सूचना मिलते ही ककड़ियाल बाजार में स्थानीय लोगों व विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने पुलिस की सराहना करते हुए नारे लगाए।

हालांकि, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की है। एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आम जनता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को देने की अपील की है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Pages: [1]
View full version: कटड़ा से अगवा की गई नाबालिग युवती 8 दिन में बरामद, आरोपी साहिल अली गिरफ्तार