Chikheang Publish time 4 hour(s) ago

महाशिवरात्रि आज, उत्तराखंड में आधी रात से भोले की भक्ति में डूबे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजे शिवालय

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/72939449-1771120196080_m.webp

महाशिवरात्रि आज, फूलों व रंगीन लाइट से सजे श्री टपकेश्वर महादेव समेत विभिन्न शिवालय. Jagran



जागरण संवाददाता, देहरादून। शिव की भक्ति का पर्व महाशिवरात्रि आज उत्तराखंड में भक्तिभाव से मनाया जा रहा है। आधी रात से शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगी हैं। दिनभर जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके लिए मध्यरात्रि से ही दून के शिवालय शिव के जयकारों से गूंज उठे। फूलों की सजावट रंग-विरंगी लाइटों व दीयों की रोशनी से सजे शिवालयों में श्रद्धालु भक्ति में डूबे रहे।

देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित ऐतिहासिक श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर, श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, जंगम शिवालय समेत शहरभर के मंदिरों में रुद्राभिषेक व विशेष भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए गए। जहां लाइन में लगकर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर खुशहाली की कामना की।

श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में महंत श्री 108 कृष्णागिरी महाराज व दिगंबर भरत गिरी के सानिध्य में मध्यरात्रि में श्री टपकेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक हुआ। इसके बाद 5100 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। फल मिठाई का विशेष भोग लगाया गया। मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन व जलाभिषेक के लिए खोल दिए गए।
आठ कुंतल फूलों से सजा श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर

श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाने के लिए श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर सेवादल के 400 सेवादार मंदिर से लेकर मुख्य द्वार तक जगह जगह सहयोग करेंगे। सेवादल के प्रचार मंत्री विनय वर्मा ने बताया कि भीड़ को देखते हुए बुजुर्ग व महिलाओं के लिए अलग लाइन रहेगी। एक तरफ जाने का और दूसरी ओर आने का रास्ता साफ हो इसके लिए मंदिर गेट से बीच में अस्थाई डिवाइडर बनाया गया है। दिल्ली से मंगाए गए गेंदा और गुलाब के आठ कुंतल फूलों से मंदिर को सजाया गया है। इसके अलावा साफ सफाई का भी परिसर में अभियान चलाया गया।
प्रेमनगर में निकाली शिव बरात, झांकियों ने मोहा मन

देहरादून: प्रेमनगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर युवा मंडल के तत्वाधान में में शिवरात्रि को लेकर मंदिर में पूजा अर्चना कर हवन किया। दोपहर को क्षेत्र में शिव बरात निकली। बैंड बाजे के साथ विभिन्न झांकियों ने मन मोहा। शिव बारात में ब्रह्म, विष्णु, महेश, नंदी महाराज पर बैठे शिव पार्वती आकर्षण का केंद्र रहे। बैंड बाजे की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे। शिव बारात प्रेम नगर मुख्य बाजार होते हुए प्रेम नगर चौक पहुंची। जहां पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। इस मौके पर मंदिर समिति के प्रधान सुभाष माकिन, राजेश भाटिया, रवि भाटिया, अवतार कृष्ण कौल, पुनीत सहगल, बलविंदर मैनी आदि रहे।
पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में 2100 दीये के साथ रंगोली

सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में 2100 दीयों की रंगोली श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। जिसमें श्रद्धालुओं भोलेनाथ के दर्शन किए। मंदिर के दिगंबर भागवत पुरी, दिगंबर दिनेश पुरी, सेवादार संजय गर्ग ने बताया कि दर्शन व जलाभिषेक के लिए आम से लेकर खास सभी एक लाइन में रहेंगे। आज श्रद्धालुओं को हरिद्वार से लाए गंगाजल अभिषेक के लिए दिया जाएगा। रात विशेष भस्म आरती होगी। इस मौके पर राजेंद्र आनंद, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा, सुशील गुप्ता आदि मौजूद रहे।
यहां लगेंगे महाशिवरात्रि मेले

महाशिवरात्रि पर गढ़ी कैंट स्थित श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 15 दिवसीय मेला आज से शुरू हो जाएगा। इसके अलावा शिव मंदिर रायपुर रोड, लच्छीवाला में भी मेला लगेगा। इसके लिए दुकानें पूरी तरह सज चुकी, बच्चों के लिए झूले, दैनिक वस्तुओं के अलावा खाने के विभिन्न स्टाल लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि आज, इस विधि से करें शिव पूजा, नोट करें सामग्री भोग से लेकर सबकुछ

यह भी पढ़ें- आज सजेंगी महादेव की बारात, चार पहर का श्रृंगार होगा आकर्षण का केंद्र; महाशिवरात्रि की तैयारी अंतिम चरण में
Pages: [1]
View full version: महाशिवरात्रि आज, उत्तराखंड में आधी रात से भोले की भक्ति में डूबे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजे शिवालय