दनकौर में सड़क हादसे में हुई मौत के बाद जाम लगाने के मामले में 42 लोगों पर मामला दर्ज
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/FIR-1771115879131_m.webpसड़क जाम लगाने के मामले में 42 लोगों पर केस दर्ज।
संवाद सहयोगी, दनकौर। कस्बा स्थित बिहारी लाल चौराहे पर शव रखकर विगत रविवार को जमकर धरना प्रदर्शन कर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को नामजद करते हुए करीब 42 लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
आरोप है कि सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगाया जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ी और मरीजों को रास्ता नहीं मिलने के कारण उनकी जान जा सकती थी। कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक शुभम शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस अज्ञात आरोपितों की पहचान करने में जुट गई है।
दरअसल, विगत सात फरवरी की शाम कस्बा के मोहल्ला पीरवाला में सड़क किनारे खड़े व्यक्ति बबलू को ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली ने कुचल दिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
आठ फरवरी को पोस्टमार्टम के बाद जब शव कस्बे में पहुंचा तो आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को पुलिस चौकी के पास बिहारी लाल चौराहे पर रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उपनिरीक्षक शुभम शर्मा ने शिकायत में बताया कि अचानक लोगों की भीड़ चौराहे पर पहुंची और धरना प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
प्रदर्शनकारियों को समझाया कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा लेकिन स्वजन और समर्थक मानने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन के दौरान हंगामा बढ़ता गया और मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि पुलिस बल कम होने की वजह से किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया। काफी देर तक समझाने और चेतावनी देने के बाद लोग वहां से हट सके।
इस मामले में पुलिस ने जगन, गीता, मुकेश, देवेंद्र, जोगेंद्र, सुशील, अमित, गोलू, रवि गौतम उर्फ सिंग्गन, अशोक, बबीत और दिनेश को नामजद करते हुए करीब 42 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच करते हुए अज्ञात आरोपितों की पहचान की जा रही है। सभी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- श्री नानकेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी, स्क्रीन पर दिखेगा जलाभिषेक का पूरा कार्यक्रम
Pages:
[1]