LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

पीएम राहत योजना: सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Accident-1771102853998_m.webp

पीएम राहत योजना।   



डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शनिवार को पीएम राहत योजना शुरू करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ितों को आपातकालीन चिकित्सा उपलब्ध कराना है। सड़क दुर्घटना के घायलों के लिए यह योजना रामबाण साबित होगी।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि भारत में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में मौतें होती हैं। समय पर चिकित्सा सहायता देकर इनमें से कई लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। अध्ययनों से पता चलता है कि अगर घायलों को पहले घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती करा दिया जाए तो सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली लगभग 50 प्रतिशत मौतों को टाला जा सकता है।

बताते चलें, शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय सेवा तीर्थ में स्थानांतरित किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम राहत योजना को मंजूरी दी थी। इसके तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार मिलेगा।

मंत्रालय ने कहा कि यह निर्णय सड़क दुर्घटना के बाद तत्काल चिकित्सा के अभाव में किसी की जान न जाए, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

हेल्पलाइन नंबर 112 के साथ आपातकालीन सहायता प्रणाली यह सुनिश्चित करती है कि दुर्घटना पीड़ित गोल्डन आवर के भीतर अस्पतालों तक पहुंच जाएं। सड़क दुर्घटना के शिकार लोग, राहवीर या दुर्घटनास्थल पर मौजूद कोई भी व्यक्ति निकटतम नामित अस्पताल का विवरण प्राप्त करने और एंबुलेंस सहायता का अनुरोध करने के लिए 112 नंबर डायल कर सकता है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
Pages: [1]
View full version: पीएम राहत योजना: सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार