LHC0088 Publish time Yesterday 22:27

मेरठ एक्सप्रेसवे पर रेलिंग से टकराकर घायल हुए युवक की मौत, दूसरा गंभीर

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/accident-1771088505776_m.webp



जागरण संवाददाता, मेरठ। एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज से नीचे उतरते समय रेलिंग से टकराकर घायल हुए एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरे युवक की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन के सिपुर्द कर दिया है। बाइक सवार युवक डासना में रास्ता भटककर एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए थे।

पुलिस के अनुसार जिला संभल के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव पवांसा निवासी 26 वर्षीय अनिल पुत्र रामकिशोर गाजियाबाद की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। अनिल की पत्नी मुम्बई में नौकरी करती है। शुक्रवार रात में ड्यूटी पूरी करने के बाद वीकेंड पर बाइक से अपने घर जा रहा था।

अनिल के साथ उसका भाई सुनील भी था। डासना के पास रास्ता भटकने से वह एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए और मेरठ आ गए। जब वह इंटरचेंज पर एक्सप्रेसवे से नीचे उतरने लगे तो तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से टकराकर 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर क्यूब हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात में उपचार के दौरान अनिल की मौत हो गई। वहीं, सुनील की हालत चिंताजनक होने के चलते अभी आइसीयू में है। शनिवार सुबह अनिल के स्वजन भी मेरठ पहुंच गए थे।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन के सिपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी अजय शुक्ला का कहना है कि रास्ता भटकने से दोनों भाई एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए थे। बाइक की स्पीड अधिक होने के कारण इंटरचेंज पर रेलिंग से टकराकर खाई में गिरकर घायल हो गए थे। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन अनिल के शव को गांव ले गए है। वहीं, सुनील की हालत भी अभी गंभीर है।
Pages: [1]
View full version: मेरठ एक्सप्रेसवे पर रेलिंग से टकराकर घायल हुए युवक की मौत, दूसरा गंभीर