वैलेंटाइन-डे पर प्रेमी युगल ने खेत में निगला जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर; शादी की जिद पर अड़ा था युवक
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/couple-1771086628898_m.webpवैलेंटाइन- डे पर प्रेमी युगल ने निगला जहरीला पदार्थ। सांकेतिक फोटो सोशल मीडिया
जागरण संवाददाता, हिसार। वैलेंटाइन-डे पर शनिवार दोपहर को बाडोपट्टी गांव की रहने वाली 17 साल की किशोरी और बहबलपुर गांव के 19 साल के युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों राणा डिस्ट्रीब्यूटर नहर के पास बहबलपुर गांव के खेत में अचेत हालत में मिले।
पता चलने पर किशोरी और युवक के स्वजन मौके पर पहुंचे। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा ले जाया गया। बरवाला थाना पुलिस को मामले से अवगत करवा दिया गया है। फिलहाल दोनों के स्वजन कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बाडोपट्टी की रहने वाली किशोर और बहबलपुर निवासी युवक दोनों एक साथ एक ही स्कूल में पढ़े। जब नौंवी कक्षा में थे उस समय से ही दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों ने 11वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। स्वजन को प्रेम प्रसंग का पता था।
दोनों की शादी करवाने पर भी राजी थे। किशोरी के स्वजन का कहना था कि बालिग होने के बाद दोनों की शादी कर दी जाएगी, लेकिन युवक अभी शादी की बात पर जिद्द कर रहा था।
स्वजन के मना करने पर दोनों ने खेत में जाकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। दोपहर करीब दो बजे वहां से जा रहे ग्रामीण ने दोनों को अचेत हालत में देखा। सरपंच और अन्य लोगों को जानकारी दी।
बाइक पर सवार होकर गए थे जालंधर
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों शुक्रवार को बाइक पर सवार होकर जालंधर (पंजाब) में नकोदर दरगाह पर गए थे। वहां पर दोनों ने माथा टेका था। फिर दोनों बाइक पर सवार होकर वापस गांव आए। जब इस बात का पता स्वजन को लगा तो उन्होंने गुस्सा किया था। फिर दोनों खेत में गए और जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
Pages:
[1]