फिरोजपुर: पहले पत्नी और बेटे, फिर खुद को गोली मारने वाले किसान की मौत, पूरे इलाके में शोक का माहौल
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/murder-(47)-1771082023873_m.webpकिसान की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। गांव बाजीदपुर में पत्नी और मासूम बेटे सहित खुद को गोली मारने के वाले जगसीर सिंह साबा की लुधियाना के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में शोक का माहौल है। 35 वर्षीय पत्नी नवनीत कौर और चार वर्षीय बेटा वारिसदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और लुधियाना के अस्पताल में उनका उपचार जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जगसीर सिंह ने अपनी लाइसेंसी .32 बोर की पिस्टल से पहले पत्नी और बेटे पर गोली चलाई और उसके बाद खुद को भी सिर में गोली मार ली थी। गंभीर हालत में उसे लुधियाना रेफर किया गया था, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक का शव फिरोजपुर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखने के बाद पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज एवं अस्पताल फरीदकोट भेज दिया गया है। रविवार को गांव में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार में जगसीर सिंह के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ा बेटा अभिजीत सिंह कक्षा छठी का छात्र है। घटना के समय वह स्कूल में था और दोपहर करीब तीन बजे घर लौटा।
डीएसपी ग्रामीण करण शर्मा ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Pages:
[1]