कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 1.40 अरब से बनेंगे पांच पुल, छह लाख लोगों को होगा सीधा लाभ
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/C-314-1-KAN1034-511029-1771076702326-1771076713749_m.webpकानपुर-लखनऊ हाईवे पर 1.40 अरब से बनेंगे पांच पुल। फाइल फोटो
ब्रजेश शक्ला, उन्नाव। जाम, खराब सड़क और हादसों के कारण बदनामी का दाग झेल रहे कानपुर-लखनऊ हाईवे को हाल ही में 92 करोड़ रुपये से ओवरले (सड़क ठीक करने के लिए डामर की दो परत) डालकर आवागमन के लिए ठीक किया गया है। अब इस पर पांच जगह आशा खेड़ा, नवाबगंज, दही तिराहा, चमरौली व त्रिभुवनखेड़ा में 1.40 अरब रुपये की लागत से पुल भी बनाए जाएंगे, जिससे यातायात सुगम होगा।
इसी माह निविदा प्रक्रिया शुरू होगी और अगले दो से तीन माह के अंदर निर्माण शुरू हो जाएगा। 2027 से पहले इनका काम पूरा कर लिया जाएगा। इससे आने वाले समय में हाईवे से प्रतिदिन गुजरने वाले लगभग 32 हजार वाहनों को सुगम रफ्तार मिलेगी, जबकि आसपास के 100 गांवों के छह लाख लोगों को भी सीधा लाभ होगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) लखनऊ क्षेत्र के परियोजना अधिकार नकुल वर्मा ने बताया कि दही तिराहा पर लगभग आधा किमी लंबे पुल को बनाने में 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नवाबगंज में 800 मीटर के पुल के लिए 60 करोड़, आशाखेड़ा में सर्विस रोड व पुल के लिए 20 करोड़, चमरौली व त्रिभुवनखेड़ा में लगभग 400 मीटर लंबे दो फुट ओवरब्रिज के निर्माण पर 15 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
पुल के लिए मिली स्वीकृति
इन पुलों के निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) अप्रैल 2025 में भेजी गई थी। इसकी स्वीकृति अब मिल गई है। इससे पहले नवाबगंज, आशाखेड़ा व दही तिराहा के पुल बनाए जाने के लिए मिट्टी का भी परीक्षण पूरा किया जा चुका है।
नवीन मंडी के निकट वर्ष 2014 में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी कराया गया है। गदनखेड़ा चौराहा पर लगभग छह माह पहले पुल बनकर तैयार हो चुका है। साथ ही हाईवे पर स्थित छोटे पुलों व पुलिया की भी मरम्मत कराने की योजना है, जिससे आवागमन निर्बाध रहे।
लखनऊ-कानपुर की ओर नहीं बाधित होगा यातायात
दही तिराहा से उन्नाव-पुरवा मोहनलालगंज मार्ग जाने वाले वाहन, हाईवे के दोनों तरफ बनने वाली सर्विस रोड व अंडरपास से होकर आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। इससे लखनऊ-कानपुर की ओर का यातायात बाधित नहीं होगा। आशा खेड़ा में 300 मीटर की सर्विस रोड भी बनेगी। इससे आसपास गांवों के ग्रामीण बिना हाईवे पर आए सुरक्षित सफर कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- PWD में कम दरों पर टेंडर डालने वाले ठेकेदारों के कामों की होगी जांच, क्वालिटी खराब होने पर थमाया जाएगा नोटिस
Pages:
[1]