बिना डॉक्टरी सलाह के एंटीबायोटिक्स का सेवन खतरनाक, गुमला में चलाया गया जागरूकता अभियान
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/Antibiotic-Awareness-1771059956207_m.webpसंध्या रानी आक्सफार्ड पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, गुमला। पालकोट रोड स्थित संध्या रानी आक्सफार्ड पब्लिक स्कूल में शनिवार को स्कूल में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बढ़ते खतरे को देखते हुए एएमआर पर प्रहार, एंटीबायोटिक्स लापरवाही नहीं चलेगी अभियान का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एंटीबायोटिक्स के सही उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा इसके दुरुपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि बिना डाक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स का सेवन करने से शरीर में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियों का इलाज कठिन हो सकता है।
स्कूल के निदेशक संजीव गुप्ता ने कहा कि एंटीबायोटिक्स का उपयोग केवल चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार ही करना चाहिए और निर्धारित समय तक दवा का सेवन पूरा करना आवश्यक होता है।
अपने स्वजनों और आसपास के लोगों को भी एंटीबायोटिक्स के सही उपयोग के प्रति जागरूक करें, ताकि समाज में इस समस्या को नियंत्रित किया जा सके। वर्तमान समय में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस एक गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही है।
सही उम्र में सही जानकारी जरूरी
यदि समय रहते इसके प्रति लोगों को जागरूक नहीं किया गया तो सामान्य संक्रमण से भी खतरा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कम उम्र से ही स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी देना आवश्यक है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें और समाज को भी जागरूक कर सकें।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के कारणों, इसके दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने और संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोने जैसी आदतों को अपनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने एंटीबायोटिक्स के दुरुपयोग को रोकने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। मौके पर विद्यार्थी व शिक्षकगण मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- एंटीबायोटिक का गलत इस्तेमाल बना रहा ‘साइलेंट पेंडेमिक’, पांच ‘राइट्स’ अपनाकर रोकी जा सकती है AMR की रफ्तार
यह भी पढ़ें- पुराने पर्चे पर एंटीबायोटिक दवा लेना खतरनाक, गाजियाबाद में डॉक्टरों ने एएमआर पर युवाओं को किया जागरूक
Pages:
[1]