cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

पोटका के घुटु मैदान में बाहरी शराबियों के जमावड़े पर रोक, ग्रामीणों ने दी चेतावनी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/potka-1771060368566_m.webp

घुटु मैदान में बाहरी शराबियों के जमावड़े पर रोक



संवाद सूत्र, पोटका। सानग्राम पंचायत अंतर्गत सानग्राम नदी से सटे कारकाट स्थित घुटु मैदान में बाहरी शराबियों से ग्रामीण इन दिनों काफी परेशान हैं। शहर से कारों पर सवार होकर 25 से 30 की संख्या में युवक-युवतियां गांव पहुंचकर शराब पीते हैं और शराब की बोतलें तोड़कर मैदान में फेंक देते हैं, जिससे पूरा मैदान कांच के टुकड़ों से भर गया है।

इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और खेती-बाड़ी के दौरान लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शराबियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग

इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया अभिषेक सरदार को पत्र सौंपकर शराबियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। इसके बाद मुखिया ने पंचायत की बैठक बुलाकर निर्णय लिया कि मैदान में शराब पीने वालों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा।

ग्रामीणों ने पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो को भी मामले की सूचना दी और मैदान के चारों ओर सूचना बोर्ड लगाकर चेतावनी दी कि मैदान में शराब पीना पूरी तरह प्रतिबंधित है तथा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को सूचना देने की अपील

थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि बाहर से लोग शराब पीने आते हैं तो उन्हें समझाकर रोकें, नहीं मानने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में न लें और समझदारी से काम करें।

मुखिया अभिषेक सरदार ने बताया कि रातभर शराबी तेज आवाज में गाना बजाकर शराब का सेवन करते हैं और बोतलें तोड़ देते हैं, जिससे खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों को परेशानी होती है। ग्रामीणों की मांग पर मैदान के चारों ओर बोर्ड लगाए गए हैं और इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।

सूचना बोर्ड लगाने में माझी बाबा सुकुमार हांसदा, प्राणिक विश्वनाथ हांसदा, गोरते सोमाय हांसदा, उप मुखिया पोदो हांसदा, सुनाराम मुर्मू, पुराण नायक, माझी हांसदा, तोड़ो हांसदा, विनय हांसदा, शिवचरण बेसरा, सोना बेसरा, दशमत हांसदा, बुद्धेश्वर हांसदा, अभिराम सोरेन, अमीन सोरेन, प्रदीप हांसदा सहित अन्य ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित थे।
Pages: [1]
View full version: पोटका के घुटु मैदान में बाहरी शराबियों के जमावड़े पर रोक, ग्रामीणों ने दी चेतावनी