cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

पारू व वैशाली में औद्योगिक विकास को रफ्तार, भूमि अर्जन व मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/Industrial-development--1771059699635_m.webp

Paru Industrial Development Project: भू अर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विकास की अन्य प्रक्रियाएं पूरी होंगी। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Tirhut Division Industrial Investment: पारू और वैशाली समेत तिरहुत प्रमंडल में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रमंडल के सभी जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में औद्योगिक परियोजनाओं से संबंधित भूमि अर्जन, मुआवजा भुगतान और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि औद्योगिक विकास से न केवल निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा 11(1) के तहत प्रारंभिक अधिसूचना शीघ्र प्रकाशित करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध रूप से शुरू होकर पूरा हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक आधारभूत संरचना के सुदृढ़ होने से पूरे तिरहुत प्रमंडल के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

आयुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े भूमि अर्जन, मुआवजा भुगतान और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
पारू में 700 एकड़ भूमि अर्जन की प्रक्रिया तेज

मुजफ्फरपुर जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए पारू अंचल के अंतर्गत पांच मौजों में भूमि अर्जन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसमें चांदपुर चिउटाहा में 250 एकड़, चतुर पट्टी में 150 एकड़, भोजपट्टी में 95 एकड़, हरपुर कपरफोरा में 120 एकड़ तथा विशुनपुर सरैया में 85 एकड़ भूमि शामिल है। इस तरह कुल 700 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही है।
शिवहर में 246.75 एकड़ भूमि के लिए अधियाचना भेजी गई

शिवहर जिले के तरियानी अंचल अंतर्गत सलेमपुर (136.5507 एकड़) और बेलाही दुल्लह (110.2050 एकड़) मौजा में औद्योगिक परियोजना के लिए कुल 246.7557 एकड़ भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार कर आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण, पटना को भेज दिया गया है।
वैशाली में 1243.45 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र की तैयारी

वैशाली जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए 1243.4545 एकड़ भूमि को लेकर धारा 11(1) के तहत प्रारंभिक अधिसूचना की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं और जल्द ही औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।

प्रशासन का मानना है कि इन पहलों से तिरहुत प्रमंडल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र का समग्र आर्थिक विकास तेज होगा।
Pages: [1]
View full version: पारू व वैशाली में औद्योगिक विकास को रफ्तार, भूमि अर्जन व मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश