शिव भक्ति में डूबा मुरादाबाद, महाशिवरात्रि के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त; हर ओर भाेले की जयकार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/moradabad-kanwar-yatra-1771048768655_m.webpमहाशिवरात्रि के लिए कांवड़ लेकर जाते शिवभक्ति।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शहर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंग गया है। कंधों पर सजी कांवड़, मुख पर \“बोल बम\“ के जयघोष और पैरों में बंधे घुंघरुओं की मधुर ध्वनि के साथ कांवड़िए जब शहर की सड़कों से गुजरे तो वातावरण शिवमय हो उठा।
कांठ रोड से लेकर प्रमुख चौराहों तक हर ओर केसरिया वस्त्रधारी शिवभक्तों के बेड़े नजर आए। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, लेकिन युवाओं की संख्या सबसे अधिक है। यह दृश्य युवाओं में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का प्रमाण दे रहा है।
https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/14/template/image/kanwar-moradad-1771048991477.jpg
कांवड़ियों से भक्तिमय हुआ शहर, गूंज रहे भोले के जयकारे
कई कांवड़िए नंगे पैर लंबी दूरी तय कर रहे हैं। लगातार यात्रा के कारण उनके पैरों में छाले पड़ गए हैं, फिर भी उनके चेहरे पर थकान नहीं बल्कि भक्ति का तेज झलक रहा है। जगह-जगह सामाजिक संगठनों द्वारा भंडारे लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं के लिए जलपान और विश्राम की व्यवस्था की गई है।
शिवालयों में अंतिम तैयारियां
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में तड़के चार बजे से जलाभिषेक शुरू होगा। मंदिर समितियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
यहां सजावट
शहर के प्रमुख मंदिरों में बाबा कामेश्वर नाथ मंदिर चौरासी घंटा, झाड़खंडी मंदिर, महाकालेश्वर धाम मंदिर, पुलिस लाइन मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर झांझनपुर, अर्धनारीश्वर मंदिर, शिव शक्ति मंदिर, ढाब वाला मंदिर, शक्ति लोक शिवालय, श्री सत्य शिव मंदिर और ऋण मुक्तेश्वर मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक और श्रृंगार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया है।
बाजारों में बढ़ी रौनक
महाशिवरात्रि को लेकर बाजारों में भी खास उत्साह देखने को मिल रहा है। पूजा सामग्री की दुकानों पर भांग, धतूरा, बेलपत्र, फल, फूल, मिष्ठान और मेवा की खरीदारी जोरों पर है। दुकानदारों के अनुसार इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की उम्मीद है। महाशिवरात्रि से पूर्व ही मुरादाबाद शिवभक्ति में सराबोर हो चुका है। हर ओर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंज रहे हैं। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान शिव के जलाभिषेक की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
Pages:
[1]