cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

हाथी के डर से खाली किया घर, तो चोरों ने हाथ साफ कर उड़ाए 50 हजार और सामान

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/14/article/image/chori-1771049245817_m.webp

चोरों ने हाथ साफ कर उड़ाए 50 हजार और सामान



संवाद सूत्र, कुमारडुंगी(पश्चिमी सिंहभूम)। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में हाथी के आतंक के बीच टांगर गांव में चोरी की वारदात सामने आई है। हाथी के डर से दुकान-घर छोड़कर गांव के अंदर सोने गए दुकानदार को रातों-रात भारी नुकसान उठाना पड़ा। अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लगभग 50 हजार रुपये नगद और दुकान का सामान उड़ा लिया।

जानकारी के अनुसार टांगर गांव निवासी लक्ष्मण गोप का दुकान-घर गांव के किनारे स्थित है। शुक्रवार की रात क्षेत्र में हाथी की आवाजाही की सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के साथ गांव के अंदर वाले घर में सोने चले गए।

पीड़ित ने बताया कि रात करीब 11 बजे उनके पिता अर्जुन गोप दुकान-घर की स्थिति देखने गए थे, उस समय सब कुछ सामान्य था। आशंका है कि घटना रात 11 बजे के बाद हुई।
पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश

चोरों ने दुकान-घर के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। ड्रॉअर में रखे करीब 50 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि सामने रखा मोबाइल और लैपटॉप को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। दुकान से सरसों तेल, बिस्कुट समेत अन्य छोटे सामान भी बड़ी मात्रा में ले गए।

https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/14/template/image/WhatsApp-Image-2026-02-14-at-10.45.15-AM-1771049361200.jpeg

सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब परिजन पहुंचे तो देखा कि पीछे सड़क का साइन बोर्ड खड़ा कर उसके पीछे की दीवार तोड़ी गई थी। घटना की सूचना कुमारडुंगी थाना प्रभारी रंजीत उरांव को दी गई। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
घर को हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया था

पीड़ित लक्ष्मण गोप ने बताया कि एक दिन पूर्व चौकड़ी गांव में गुरु प्रसाद नायक के घर को हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया था और घर के बाहर खड़ा होकर निकलने का रास्ता रोक दिया था। इसी भय से उन्होंने दुकान-घर में सोने का जोखिम नहीं उठाया।

“हाथी ने तो नुकसान नहीं पहुंचाया, लेकिन चोरों ने मौके का फायदा उठा लिया,” उन्होंने कहा। बताया कि एक दिन पहले ही बैंक से पैसे निकाले थे, जो पूरी तरह चोरी हो गए।

घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Pages: [1]
View full version: हाथी के डर से खाली किया घर, तो चोरों ने हाथ साफ कर उड़ाए 50 हजार और सामान