प्रयागराज में सरकारी जमीन कब्जाने वाले 18 भूमाफियाओं पर लगेगा रासुका, संपत्ति भी होगी कुर्क
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/court-jail-1770962757292_m.webpजागरण संवाददाता, प्रयागराज। सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों पर अब रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में भूमाफिया घोषित किए गए 18 लोगों के खिलाफ भी एनएसए एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
वहीं, अवैध प्लाटिंग कर अर्जित धन की वसूली के लिए भूमाफिया की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक तहसील से चिह्नित किए जा रहे प्रापर्टी डीलरों को जल्द ही भूमाफिया घोषित किया जाएगा।
शहर पश्चिमी क्षेत्र में माफिया अतीक अहमद और अशरफ के संबंधियों व करीबियों द्वारा एटीएस, चुनाव आयोग समेत अन्य सरकारी भूमि पर कब्जा कर उसे बेचने के मामले में 18 आरोपितों को दो दिन पहले जिला स्तरीय एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स की बैठक में भूमाफिया घोषित किया गया था।
अब इनके खिलाफ गैंग्स्टर, गुंडा एक्ट के साथ ही रासुका के तहत कार्रवाई के निर्देश डीएम मनीष कुमार वर्मा की ओर से संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
डीएम ने सोरांव, सदर, फूलपुर व करछना एसडीएम एवं एसीपी को निर्देशित करते हुए कहा कि सक्रिय भूमाफिया को भी चिह्नित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई कराएं। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी जमीन पर कब्जा की सूची उपलब्ध देकर कड़ी कार्यवाही करें।
विभाग ये प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएं कि उनकी जमीन पर कोई अवैध कब्जा नहीं है। सभी एसडीएम को 15 दिनों में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कर भूमाफिया को चिह्नित करने तथा उनके द्वारा अतिक्रमण की गई जमीन को खाली कराने के निर्देश दिए।
जिसके विरुद्ध बार-बार जमीन कब्जा करने की शिकायत हो तो उसे शासनादेश के निर्देश पर भूमाफिया के रूप में चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
सरकारी भूमि पर कब्जा कर प्लाटिंग करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। दो दिन पहले 18 लोगों को भूमाफिया घोषित करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। अब इन आरोपितों पर रासुका के तहत भी कार्रवाई कराने के लिए निर्देशित किया गया है। सभी आरोपितों को जेल भेजने को भी निर्देश दिए गए हैं।
मनीष कुमार वर्मा, डीएम
नकल होते पकड़े जाने पर प्रबंधक और प्रिंसिपल पर दर्ज होगा मुकदमा
प्रयागराज: यूपी बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा को लेकर गुरुवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि किसी भी केंद्र पर नकल होते पकड़े जाने पर वहां के प्रबंधक और प्रिंसिपल तथा स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
सामूहिक नकल पकड़ी गई तो गैंग्स्टर व रासुका के तहत कार्रवाई कराई जाएगी। बताया कि नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कराई जाएगी।
Pages:
[1]