cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

गोरखपुर में कल सीएम योगी करेंगे पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण, इन कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/bichiaa-1770949713484_m.webp

बिछिया कॉलोनी में बना कल्याण मंडपम। जागरण



जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार (14 फरवरी) को महानगर के पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। वार्ड नंबर 22 जंगल तुलसीराम पश्चिमी स्थित बिछिया कालोनी में निर्मित इस कल्याण मंडपम की लागत 2 करोड़ 46 लाख 69 हजार रुपये है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इसका निर्माण मुख्यमंत्री की विधायक निधि से कराने के साथ ही इसके संचालन की भी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

लोकार्पण समारोह दोपहर बाद आयोजित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी योजना के अंतर्गत 10 एलआइजी और ईडब्ल्यूएस आवंटियों को आवंटन प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे। करीब ढाई वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री ने अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दरों पर मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की सोच के साथ कल्याण मंडपम की परिकल्पना की थी। इसी क्रम में अब तक शहर में चार कल्याण मंडपम (खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला और राप्तीनगर विस्तार) का लोकार्पण हो चुका है। बिछिया का यह केंद्र उसी श्रृंखला की अगली कड़ी है।

जीडीए द्वारा 1120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस कन्वेंशन सेंटर में एक विशाल हाल के साथ किचन, स्टोर तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है। यहां विवाह, तिलक, मुंडन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न आयोजनों में लगभग 300 लोगों की उपस्थिति संभव है।

यह भी पढ़ें- उड्डयन मंत्री से मिले रवि किशन, गोरखपुर एयरपोर्ट के उन्नयन की उठाई मांग

जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के अनुसार, यह सुविधा स्थानीय निवासियों के लिए सामाजिक आयोजनों का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। इसके अलावा जंगल बेनीमाधव, बशारतपुर, नकहा नंबर दो, महादेव झारखंडी और सेमरा में भी कल्याण मंडपम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस कार्यक्रम के अगले दिन रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में भगवान के शिव के पूजन अर्चन के साथ ही भरोहिया स्थित शिव मंदिर में भी दर्शन पूजन करने जाएंगे।
Pages: [1]
View full version: गोरखपुर में कल सीएम योगी करेंगे पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण, इन कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा