UP में अवैध अस्पतालों पर बड़ा एक्शन: डिप्टी सीएम के निर्देश पर छापेमारी, एक अस्पताल सील, दूसरे की ओटी बंद!
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/illegal-hospital-1770923422939_m.webpप्रतीकात्मक चित्र
संवाद सहयोगी, कांठ। डिप्टी सीएमओ ने छापेमारी कर एक अस्पताल को सील कर दिया, जबकि दूसरे की ओटी को सील किया है। दोनों ही अस्पतालों में बिना पंजीकरण के आपरेशन किए जा रहे थे। डिप्टी सीएमओ ने एक अस्पताल में भर्ती मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। साथ ही दोनों के अस्पताल संचालकों को नोटिस जारीी किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ये कार्रवाई उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी की पूर्व सदस्य फहमीदा सुल्तान की ओर से डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से की गई शिकायत के बाद हुई है। शिकायत के बाद ही डिप्टी सीएम कार्यालय से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
सीएमओ डा. कुलदीप सिंह ने डिप्टी सीएमओ डा. प्रवीण श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गठित कर अवैध रूप से क्लीनिक एवं अस्पताल चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डा. प्रवीण श्रीवास्तव ने सबसे पहले रिजा रानी अस्पताल में छापा मारा।
अस्पताल का पंजीकरण सिर्फ ओपीडी के लिए है, लेकिन छापेमारी के दौरान सीजर आपरेशन की ओटी मिली। जिसे डिप्टी सीएमओ ने सील कर दिया। इसके बाद टीम ने अमृत नर्सिंग होम पर छापा मारा। वहां भी उन्हें बताया गया कि अस्पताल का ओपीडी का पंजीकरण है। लेकिन यहां बिना पंजीकरण आपरेशन किए जा रहे थे।
मौके पर उषा पत्नी सूरज सिंह निवासी ग्राम भैडी फरीदपुर मिलीं, इनका 10 फरवरी को सीजर आपरेशन किया गया था। इसके साथ ही मुमताज पत्नी कपिल अहमद निवासी ग्राम सलेमपुर मिलीं। इनका नौ फरवरी को सीजर आपरेशन किया गया था। डिप्टी सीएमओ प्रवीण श्रीवास्तव ने बिना पंजीकरण के सीजर आपरेशन करने और अन्य अनियमितताओं के चलते अमृत नर्सिंग होम को सील कर दिया।
यहां भर्ती मिले दोनों मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। डिप्टी सीएमओ डा.प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि झोलाछाप और अवैध रूप से सीजर आपरेशन करने वालों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं। शिकायतों के आधार पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में ही मिलेगी वर्ल्ड-क्लास एजुकेशन, योगी सरकार ने खोला खजाना, ₹50 करोड़ से चमकेगी गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी
Pages:
[1]