रांची DC ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी: बीडीएस-डाग स्क्वाड ने की जांच, सुरक्षा एजेंसियों को नहीं मिला कुछ
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/13/article/image/Ranchi-DC-Office-(1)-1770921338213_m.webpसिविल कोर्ट के बाद अब समाहरणालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी
जागरण संवाददाता, रांची। जिला प्रशासन को ईमेल के माध्यम से रांची समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
एहतियातन समाहरणालय परिसर की सघन जांच कराई गई। बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डाग स्क्वाड की टीम ने पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली, हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
धमकी भरे ईमेल में चेतावनी भी दी गई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समाहरणालय को सल्फर नाइट्रेट बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी भरे ईमेल में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी। समाहरणालय परिसर में उपायुक्त, एसएसपी समेत कई वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी बैठते हैं।
https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/13/template/image/Ranchi-DC-1770921383862.jpg
इसके अलावा प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक भी विभिन्न कार्यों से यहां पहुंचते हैं। ऐसे में धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। धमकी मिलने के तुरंत बाद समाहरणालय परिसर में प्रवेश और निकास द्वारों पर जांच कड़ी कर दी गई।
संदिग्ध वस्तुओं और वाहनों की जांच की गई। बीडीएस की टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से भवन के अंदर और बाहर हर कोने की जांच की। वहीं डाग स्क्वाड की टीम ने परिसर में सूंघकर संभावित विस्फोटक की तलाश की, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/13/template/image/Ranchi-DC-Office-1770921402088.jpg
ई मेल आईडी की चल रही है जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस ईमेल आईडी से धमकी भेजी गई है, उसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की टीम ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर डिटेल खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किस स्थान से और किस व्यक्ति द्वारा भेजी गई। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला शरारती तत्वों की हरकत प्रतीत होता है, फिर भी हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/13/template/image/Ranchi-DC-Office-1-1770921416315.jpg
6 फरवरी को सिविल कोर्ट को उड़ाने की मिली थी धमकी
इससे पहले छह फरवरी को सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मामले में भी दो दिनों तक लगातार जांच की गई थी, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है और सभी प्रमुख सरकारी भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Pages:
[1]