सुपौल: हंसते-खेलते निकले थे घर से, चार युवकों की लाशें लौटीं; कोई था इकलौता बेटा तो कोई घर का सहारा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/supaul-four-youth-died-in-road-accident-1770919911872_m.webpसुपौल में सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद वहां जुटे लोग।
जागरण संवाददाता, सुपौल। सुपौल जिले में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाएं किशनपुर और छातापुर थाना क्षेत्र में हुईं। सभी मृतक बाइक सवार थे। हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। किशनपुर थाना क्षेत्र के एनएच-327ए पर राजपुर गांव के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पर राजपुर पंचायत के वार्ड संख्या 01 निवासी रामचंद्र मंडल के 19 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार, बैजनाथ साह के 18 वर्षीय पुत्र ब्रजेश कुमार और शिवचंद्र मंडल के 19 वर्षीय पुत्र मणिभूषण कुमार सवार थे। हादसे में विक्की कुमार और ब्रजेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मणिभूषण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी बाइक पर सवार दो युवक किशनपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर में इस बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए एनएच पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। दोनों घायलों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जाता है कि विक्की कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
उधर, छातापुर थाना क्षेत्र में लालजी चौक और सुखाय चौक के बीच हुए एक अन्य सड़क हादसे में बाइक सवार राजा कुमार (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वह भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज निवासी लक्ष्मण मुखिया का पुत्र था। जिले में अन्य स्थानों पर भी दुर्घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं।
Pages:
[1]