deltin33 Publish time Yesterday 23:26

Jharkhand Nagar Nikay: निर्दल चुनाव में दलीय घात-प्रतिघात, दलों के आदेश को अंगूठा दिखा रहे अपने

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/Jharkhand-Nagar-Nikay-Chunav-1770919325037_m.webp

झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी।



जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड में नगर निकाय चुनाव हो रहा है। इसके तहत राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को मतदान है। यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है। इसके बावजूद सभी दलों ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर समर्थन का एलान किया है। हालांकि कई क्षेत्रों में पार्टी के आदेश को अंगूठा दिखाते हुए कई-कई प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में पार्टी कार्रवाई कर रही है।
अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक के उपरांत स्पष्ट एवं कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनावी माहौल में पार्टी की एकता, अनुशासन और संगठनात्मक प्रतिबद्धता सर्वोपरि है, और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि कोई कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के विरोध में कार्य करता हुआ, अथवा कोई कांग्रेस पदाधिकारी या कार्यकर्ता किसी अन्य दल के समर्थित प्रत्याशी के प्रचार-प्रसार, समर्थन या किसी भी प्रकार की पार्टी-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध पार्टी के संविधान के अनुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विचारधारा, संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों की पार्टी है। पार्टी को कमजोर करने वाले, गुटबाज़ी फैलाने वाले अथवा निजी स्वार्थ के लिए संगठनात्मक निर्णयों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी गतिविधियां न केवल पार्टी को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि कार्यकर्ताओं के मनोबल को भी तोड़ती हैं।

जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों, प्रखंड अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी द्वारा समर्थित प्रत्याशि शमशेर आलम के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करें और कांग्रेस की नीतियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाएं। पार्टी हर गतिविधि पर नज़र रखे हुए है, और आवश्यकता पड़ने पर शोकाज नोटिस, पद से हटाने अथवा निष्कासन जैसी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।
एक दर्जन नेता निलंबित

गुरुवार तक कांग्रेस के एक दर्जन बागी उम्मीदवारों को संबंधित जिलों के पदाधिकारियों ने निलंबित कर दिया है। इसके पूर्व इन सभी को कारण बताओ नोटिस दिया गया था।

निलंबित होने वाले नेताओं में गिरिडीह से दो उम्मीदवार हैं पंकज सागर और जुगेश्वर महथा। बोकारो स्थित चास नगर निगम के बागी उम्मीदवार सुल्तान अहमद, मानगो नगर निगम (पू.सिंहभूम) की जेबा खान, मिहिजाम नगर परिषद (जामताड़ा) की बेबी पासवान, चतरा नगर परिषद से राजवीर, कपाली नगर परिषद (सरायकेला खरसावां) से मो.इरफान, गुमला नगर परिषद से ज्योति कुजूर एवं जास्मीन लुगून, सिमडेगा नगर परिषद से पुष्पा कुल्लू, चक्रधरपुर नगर परिषद (प.सिंहभूम) के उम्मीदवार बिजय सम्ब्रूई और चाईबासा नगर परिषद (प.सिंहभूम) के मो.सलीम को पार्टी से निलंबित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राकेश सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है।
Pages: [1]
View full version: Jharkhand Nagar Nikay: निर्दल चुनाव में दलीय घात-प्रतिघात, दलों के आदेश को अंगूठा दिखा रहे अपने