Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

मॉडल स्कूल से बदलेगी महराजगंज की तस्वीर, बेसिक-माध्यमिक और उच्च शिक्षा में रिकॉर्ड बजट का आवंटन

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/Mahrajganj-news--1770903301672_m.webp



जागरण संवाददाता, महराजगंज। 11 फरवरी को विधानसभा में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रदेश बजट में शिक्षा क्षेत्र को व्यापक प्राथमिकता दी गई है। प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक बजट आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए सरकार ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा ढांचे को सुदृढ़ करना शीर्ष प्राथमिकता है। इसका सीधा लाभ सीमावर्ती व ग्रामीण जनपद महराजगंज को भी मिलने की उम्मीद है।

बजट में बेसिक शिक्षा के लिए लगभग 77 हजार करोड़ रुपये, माध्यमिक शिक्षा के लिए 22 हजार करोड़ रुपये तथा उच्च शिक्षा के लिए छह हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रत्येक जिले में दो-दो मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय स्थापित किए जाने की घोषणा की गई है।

मॉडल स्कूल का निर्माण कार्य जारी

महराजगंज के मेदनीपुर में एक मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल स्कूल का निर्माण कार्य जारी है, जबकि दूसरे विद्यालय के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे जिले में महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे आधुनिक संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था के माध्यम से शिक्षा स्तर में सुधार की उम्मीद है।

छात्र कल्याण योजनाओं के तहत कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को निश्शुल्क यूनिफार्म, जूते-मोजे, बैग और स्टेशनरी उपलब्ध कराने के लिए बजट निर्धारित किया गया है। युवाओं को डिजिटल सशक्तिकरण से जोड़ने के लिए टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण योजना जारी रहेगी। छात्राओं को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के लिए स्कूटी योजना भी लागू रहेगी।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से शिक्षण पद्धति आधुनिक बनेगी।

यह भी पढ़ें- 15.50 करोड़ की लागत से UP के इस जिले में बनेगा 50 बेड का आयुष हॉस्पिटल, जनीम चिह्नत

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धी पांडेय ने बताया कि इस बजट से जिले की शिक्षा अवसंरचना मजबूत होगी, छात्र नामांकन बढ़ेगा और युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
Pages: [1]
View full version: मॉडल स्कूल से बदलेगी महराजगंज की तस्वीर, बेसिक-माध्यमिक और उच्च शिक्षा में रिकॉर्ड बजट का आवंटन