LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

अब ब्रिटिश पायलटों को ट्रेनिंग देंगे भारतीय वायुसेना के जांबाज, 2 साल के लिए तैनात होंगे 3 इंस्ट्रक्टर

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/IAF-(1)-1770900503115_m.webp

ब्रिटेन में अब भारतीय वायुसेना के प्रशिक्षक सिखाएंगे फाइटर पायलटों को उड़ान (फाइल फोटो)



डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और ब्रिटेन के बीच रक्षा सहयोग में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। अब भारतीय वायुसेना (IAF) के प्रशिक्षक ब्रिटेन जाकर वहां के फाइटर पायलटों को ट्रेनिंग देंगे। यह फैसला दिल्ली में हुई 19वीं यूके-इंडिया एयर स्टाफ टॉक्स के बाद लिया गया।

समझौते के तहत भारतीय वायुसेना के तीन क्वालिफाइड फ्लाइट इंस्ट्रक्टर (QFI) ब्रिटेन के रॉयल एयर फोर्स (RAF) वैली में तैनात किए जाएंगे। RAF वैली ब्रिटेन के एंगलसी में स्थित है और यहां नंबर 4 फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल काम करता है।

यह पहली बार है जब भारतीय फ्लाइट इंस्ट्रक्टर RAF वैली में ब्रिटिश पायलटों को फाइटर जेट उड़ाने की ट्रेनिंग देंगे। इनकी तैनाती शुरुआती तौर पर दो साल के लिए होगी।
किन विमानों पर दी जाएगी ट्रेनिंग?

भारतीय प्रशिक्षक RAF के पायलटों को BAE Hawk T2 या Texan T1 विमान पर ट्रेनिंग देंगे। भारत भी हॉक विमान का उपयोग अपने मुख्य एडवांस्ड जेट ट्रेनर के रूप में करता है। हॉक ट्रेनर विमान का निर्माण भारत में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा BAE सिस्टम्स के लाइसेंस के तहत किया जाता है।

तैनाती के दौरान ये भारतीय प्रशिक्षक प्रशासनिक रूप से भारतीय वायुसेना के अधीन रहेंगे, लेकिन प्रशिक्षण संबंधी काम RAF कमांडरों के साथ मिलकर करेंगे।
सेनाओं के संबंध होंगे मजबूत

रॉयल एयर फोर्स के असिस्टेंट चीफ ऑफ द एयर स्टाफ, वाइस मार्शल इयान टाउनसेंड ने कहा कि यह समझौता दोनों वायु सेनाओं के लंबे संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय QFI को ब्रिटेन की मिलिट्री फ्लाइंग ट्रेनिंग सिस्टम में शामिल करना आपसी सहयोग और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएगा।

भारत और ब्रिटेन के बीच रक्षा सहयोग लगातार बढ़ रहा है। मई 2024 से ब्रिटेन के ब्रिटानिया रॉयल नेवल कॉलेज डार्टमाउथ में भारतीय नौसेना का एक अधिकारी प्रशिक्षक के रूप में तैनात है। मई 2025 में भारतीय सेना का एक अधिकारी रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट में प्रशिक्षक बना। इससे अब तीनों ब्रिटिश सैन्य अकादमियों में भारतीय अधिकारी प्रशिक्षक के रूप में मौजूद हैं।
संयुक्त सैन्य अभ्यास भी बढ़े

साल 2025 में भारत और ब्रिटेन ने दोनों देशों के कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के साथ अब तक का सबसे बड़ा समुद्री अभ्यास किया। इसके बाद राजस्थान में संयुक्त सेना अभ्यास \“अजेय वॉरियर\“ आयोजित हुआ।

2023 में भारतीय वायुसेना ने पहली बार ब्रिटेन के बहुराष्ट्रीय एयर एक्सरसाइज \“कोबरा वॉरियर\“ में हिस्सा लिया। वहीं, 2024 में RAF ने भारतीय वायुसेना के पहले बहुराष्ट्रीय एयर कॉम्बैट अभ्यास \“तरंग शक्ति\“ में भाग लिया।

एयर स्टाफ टॉक्स दोनों देशों के बीच सालाना बैठक होती है, जिसमें आमतौर पर दो-स्टार रैंक या उससे ऊपर के अधिकारी शामिल होते हैं और सैन्य सहयोग के मुद्दों पर चर्चा करते हैं। पिछली बैठक 2025 में लंदन में हुई थी।

114 राफेल और छह P-8I एयरक्राफ्ट की डील पर मुहर, रक्षा मंत्रालय का बड़ा फैसला
Pages: [1]
View full version: अब ब्रिटिश पायलटों को ट्रेनिंग देंगे भारतीय वायुसेना के जांबाज, 2 साल के लिए तैनात होंगे 3 इंस्ट्रक्टर