भिवानी के हनुमान गेट पर जलभराव से लोग परेशान, पार्षद विनोद प्रजापति ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/BHIWANI-NEWS_-(2)-1770892678656_m.webpहनुमान गेट चौक पर जलभराव से जनता त्रस्त।
जागरण संवाददाता, भिवानी। शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक हनुमान गेट चौक इन दिनों बदहाली का शिकार है। पिछले 20 दिनों से सड़क पर हो रहे जलभराव और लीकेज ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है। इस समस्या को लेकर वार्ड नंबर-25 से पार्षद विनोद प्रजापति ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और समाधान न होने पर धरने की चेतावनी दी है।
पार्षद विनोद प्रजापति ने उपायुक्त को सांैपी शिकायत में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि हनुमान गेट चौक पर पिछले करीब तीन हफ्तों से पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है। पार्षद का आरोप है कि पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं।
इस विभागीय खींचतान के कारण मरम्मत का कार्य लटका हुआ है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। पार्षद विनोद प्रजापति ने कहा कि हनुमान गेट चौक पर जलभराव और गड्ढे के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो रहा है। स्थिति इतनी भयावह है कि यहां रोजाना एक या दो सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोग चोटिल हो रहे हैं और वाहनों का नुकसान हो रहा है, लेकिन प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।
उन्होंने समाधान शिविरों की सार्थकता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब शिकायतों पर कार्रवाई ही नहीं होनी, तो ऐसे शिविर लगाने का क्या फायदा। पार्षद ने स्पष्ट किया है कि वह इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब उनके धैर्य का बांध टूट गया है।
उन्होंने प्रशासन को आगामी सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया है कि यदि सोमवार तक लीकेज बंद कर सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे स्थानीय लोगों के साथ हनुमान गेट चौक पर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
Pages:
[1]