लखीसराय में आईटीसी सुपरवाइजर से बाइक और चेक लूटे, बदमाशों ने किया हमला
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/12/article/image/Lakhisarai-ITC-Supervisor-Robbed-of-Bike-Checks-at-Gunpoint-1770878465526_m.webpप्रतीकात्मक तस्वीर।
संवाद सूत्र, रामगढ़ चौक (लखीसराय)। लखीसराय के तेतरहाट थाना क्षेत्र के सोंधी चौक पर बुधवार रात तीन अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर एक व्यक्ति से बाइक और ब्लैंक चेक छीन लिया।
पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, पीड़ित का नाम मनीष कुमार है, जो हलसी थाना क्षेत्र के खैरमा गांव के निवासी और आईटीसी ब्रांड दूध कंपनी के सुपरवाइजर हैं। मनीष कुमार बुधवार रात करीब 9 बजे बीएमसी से काम खत्म करके अपने गांव खैरमा लौट रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, नारायणपुर गांव से पीछा करते हुए बाइक सवार तीनों बदमाशों ने सोंधी चौक पर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल की बट से हमला कर मनीष कुमार को घायल किया और उसके पास रखे बाइक, चेक डायरी और अन्य कागजात छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद मनीष कुमार सोंधी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तुरंत तेतरहाट थाना को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
गुरुवार को मनीष कुमार ने तेतरहाट थाना में लिखित आवेदन दिया। पुलिस अधीक्षक और थाना अध्यक्ष विद्यानंद कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ कर न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि रात के समय ऐसे मामलों से क्षेत्र में डर का माहौल बन रहा है। पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि सतर्कता बढ़ाकर और जांच तेज कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
अंग्रेजी और महुआ शराब सहित 10 गिरफ्तार
लखीसराय। मंगलवार की शाम उत्पाद विभाग और जिले के विभिन्न थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अंग्रेजी शराब और महुआ चुलाई शराब बरामद की और तीन तस्करों समेत कुल 10 शराबियों को गिरफ्तार किया।
लखीसराय थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहनी ने बताया कि संतर मुहल्ला काली मंदिर के पास से 750 एमएल की नौ बोतल अंग्रेजी शराब के साथ बड़हिया थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी हरिओम कुमार को गिरफ्तार किया गया।
कजरा थानाध्यक्ष राजवर्धन कुमार ने बताया कि श्रीघना मोड़ से 200 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद करते हुए मुकेश कोड़ा को गिरफ्तार किया गया। हालांकि इस दौरान दो तस्कर भागने में सफल रहे। मौके से पुलिस ने दो बाइक भी जब्त की।
निरीक्षक उत्पाद निर्मल कुमार ने बताया कि हलसी थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर चौक से दो लीटर बीयर के साथ हलसी निवासी नीलेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
वहीं तेतरहट से शराब के नशे में धुत स्थानीय शिवशंकर मांझी, सूरज कुमार, मुन्ना पंडित और राजेंद्र साव को पकड़ा गया। गुणसागर से अजीत कुमार, नोनगढ़ चेकपोस्ट के पास बेगूसराय जिला के बीहट बाजार निवासी कुंदन कुमार और सौरभ कुमार को गिरफ्तार किया गया।
बड़हिया क्षेत्र से गोपाल यादव, पटना जिला के शेरपुर थाना क्षेत्र के बिट्टू कुमार और शेखपुरा जिला के कोरमा थाना क्षेत्र के अनिल महतो को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
Pages:
[1]