कुख्यात विकास दुबे की पत्नी रिचा का बड़ा खुलासा, बोली- पहले से शादीशुदा थी खुशी दुबे
https://www.jagranimages.com/images/2026/01/25/article/image/khushi-dubey-1769280674822_m.webpजागरण संवाददाता, कानपुर। बिकरू कांड के साढ़े पांच साल बाद कुख्यात विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे पहली बार मीडिया के सामने आईं। पत्रकार वार्ता में रिचा ने बिकरू कांड की आरोपित खुशी पर निशाना साधा। रिचा ने कहा कि खुशी के नाम के साथ दुबे न जोड़ा जाए, वह पहले से शादीशुदा थी।
आरोप लगाया कि खुशी दूसरों के कहने पर उनके परिवार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो मास्टर खुशी दुबे को उल्टा सीधा ज्ञान दे रहा है, उसे बताना चाहती हूं कि वह उस स्कूल की प्रिंसिपल हैं। रिचा ने बिकरू कांड को अशोभनीय और निंदनीय बताया।
बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 की देर रात सीओ देवेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुख्यात विकास दुबे को पकड़ने के लिए दबिश दी थी, जिसमें विकास ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर गोलियों की बौछार कर दी थी। इसमें सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी बलिदान हुए थे।
बाद में विकास दुबे समेत उसके छह गुर्गे भी मुठभेड़ में मारे गए थे। इस घटना को साढ़े पांच साल हो चुके हैं। विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे शनिवार को सिविल लाइन स्थित गोल्डेन पेटल्स में मीडिया के सामने आईं। रिचा ने बताया कि पिछले दिनों खुशी की मां बीमार हुई तो उसने इंटरनेट मीडिया में बयान देकर आरोप लगाया कि विकास दुबे व अमर दुबे ने उसका अपहरण किया था।
इसके अलावा परिवार पर अन्य आरोप लगाए, जिसके बाद उसे सामने आना पड़ा। बिकरू कांड को पीछे छोड़कर परिवार आगे जाना चाहता है। आरोप लगाया कि खुशी ने घर से भागकर बिकरू के एक पड़ोसी गांव के रहने वाले अतुल ठाकुर से शादी कर ली थी। खुशी का परिवार मदद मांगने विकास दुबे के पास आया था। वह उस पंचायत में मौजूद थीं। विकास खुशी को अपने साथ ले आए।
पता नहीं कब खुशी ने अमर दुबे को अपना नंबर दे दिया और दोनों में बातचीत शुरू हो गई। अप्रैल के अंत में खुशी अमर के घर आ धमकी, जिसमें बाद 29 जून को विकास ने उसकी शादी करा दी। रिचा ने दावा किया कि खुशी इससे पहले भी एक और युवक से शादी कर चुकी थी। ऐसे में अमर से उसकी शादी वैध नहीं थी। उसके नाम के आगे खुशी दुबे न लगाया जाए।
खुशी ठाकुर या तिवारी कहा जाए। रिचा ने बताया कि अमर दुबे उनके पति का भतीजा नहीं बल्कि पोता था। रिचा ने बताया कि बिहार के अमित कुमार झा यूपी-77 के नाम से एक फिल्म बना रहे हैं, जो विकास के जीवन पर आधारित है और गलत तथ्य दिखाए गए हैं।
विकास को शराबी और अय्याश दिखाया गया है। वह इसके खिलाफ हाई कोर्ट गई हैं। वहीं खुशी के वकील शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि अगर रिचा को लग रहा है कि गलत बयानबाजी हो रही है तो वह कानूनी नोटिस दें। हम उसका जवाब देंगे। पत्रकार वार्ता करके कुछ हासिल नहीं होगा।
साढ़े पांच साल भी नहीं बना मृत्यु प्रमाणपत्र
रिचा दुबे ने इस दौरान पति का मृत्यु प्रमाणपत्र अब तक न बनने का मुद्दा भी उठाया। आरोप लगाया कि इसकी वजह से उन्हें व उनके परिवार को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं, मगर कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।
Pages:
[1]