पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएंः जयवीर
/file/upload/2025/11/4548355718488727587.webpराज्य ब्यूरो, लखनऊ। ईको पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से प्रायोजित ‘टूरिज्म टेल्स बचपन की नजर से’ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सोमवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अपने आवास पर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पर्यटन न केवल करियर का क्षेत्र है, बल्कि देश और प्रदेश के विकास का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पर्यटन के विभिन्न आयामों को समझें और आगे चलकर उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर पहचान दिलाने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पर्यटन विकास के लिए सरकार युवाओं को पर्यटन के क्षेत्र से जोड़ रही है। इसके लिए सभी जिलों में युवा पर्यटन क्लबों का गठन किया गया है। अब तक 1500 से अधिक क्लब बनाए जा चुके हैं। इन क्लबों से 30,000 से अधिक विद्यार्थी जुड़े हैं।
कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों को इन क्लबों की सदस्यता दी जाती है। इन्हीं विद्यार्थियों की क्विज और क्राफ्ट प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यालयों के कुल 20 विद्यार्थियों को सोमवार को पर्यटन मंत्री ने सम्मानित किया है। प्रतियोगिता में कुल 1400 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था।
डब्ल्यूटीएम में प्रदर्शित किए जाएंगे प्रमुख पर्यटन स्थलों के माडल
लंदन में चार से छह नवंबर तक आयोजित होने वाले वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट-2025 (डब्ल्यूटीएम) में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के माडलों को प्रदर्शित किया जाएगा। पर्यटन विभाग के स्टाल पर पर्यटन विशेषज्ञों व निवेशकों के सामने कन्नौज के इत्र उत्पाद, प्रयागराज, अयोध्या व काशी का अध्यात्मिक भ्रमण, ताजमहल, बौद्ध सर्किट, श्रीराम मंदिर तथा राज्य के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के माडल प्रदर्शित किए जाएंगे।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय डब्ल्यूटीएम में पर्यटन उद्योग के विशेषज्ञों को निवेश की संभावनाओं व पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उत्तर प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर श्रेष्ठ और पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में यह आयोजन सहायक सिद्ध होगा।
पर्यटन विभाग राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वैभव की झलक दुनिया के सामने पेश करेगा। राज्य में भगवान बुद्ध से जुड़े छह पवित्र स्थल-सारनाथ, कुशीनगर, संकिसा, कपिलवस्तु, कौशांबी और श्रावस्ती को भी विभिन्न माध्यमों से डब्ल्यूटीएम में प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही ट्रैवल मार्केट में कन्नौज का इत्र अपनी खुशबू बिखेरेगा।
		Pages: 
[1]